जालौन की राजनीति में इन दिनों एक नया समीकरण उभरता दिखाई दे रहा है। हाल ही में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के जनपद दौरे के दौरान युवा नेत्री रश्मि पाल की उनके साथ देखी गई नजदीकी अब चर्चा का केंद्र बन गई है। राजनैतिक गलियारों में सवाल उठने लगा है कि क्या आगामी चुनावों में कालपी विधानसभा से समाजवादी पार्टी किसी युवा, शिक्षित और साफ-सुथरी छवि वाले महिला चेहरे को मौका देने की तैयारी में है?
क्यों चर्चा में हैं रश्मि पाल?
सांसद डिंपल यादव के कार्यक्रमों में रश्मि पाल की सक्रिय भागीदारी और उनके साथ मंच साझा करने की तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है। रश्मि पाल को डिंपल यादव के करीब देखे जाने को लोग कालपी के राजनैतिक भविष्य से जोड़कर देख रहे हैं। चर्चा है कि पार्टी इस बार पारंपरिक चेहरों के बजाय 'युवा शक्ति' और 'महिला नेतृत्व' पर दांव लगाकर समीकरण बदलना चाहती है।
क्या इशारा कर रही है ये नजदीकी?
जानकारों का मानना है कि रश्मि पाल की साफ-सुथरी छवि और युवाओं के बीच उनकी पकड़ को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने पर विचार कर सकता है। कालपी विधानसभा क्षेत्र, जो हमेशा से अपनी जटिल राजनैतिक बुनावट के लिए जाना जाता है, वहाँ एक नया और ऊर्जावान चेहरा सपा के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। फिलहाल, रश्मि पाल की यह 'नजदीकी' पुराने दिग्गजों के लिए चिंता का सबब जरूर बन गई है।